रायपुर: खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर लूट की घटना को दिए अंजाम, 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों सहित 4 गिरफ्तार

 


रायपुर। खुद को क्राइम ब्रांच से होना बताकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने क्राईम ब्रांच का होना बताकर जबरदस्ती प्रार्थी से 25 हजार रूपये लूट कर फरार हो गये थे। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रिजवान अली ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह जिला बुलंद शहर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है तथा सिविल कन्सट्रक्शन का काम करता है। 31 अगस्त को अपने भाई इजहार के साथ मार्केटिंग के काम से रायपुर आया था। इसी दौरान प्रार्थी और उसका भाई गोगांव स्थित गति ट्रांसपोर्ट पास आटो से उतरे तभी दो मोटर सायकल में सवार चार व्यक्तियों ने प्रार्थी एवं उसके भाई को रोककर खुद को क्राईम ब्रांच का होना बताकर बैग में रखे 25 हजार रूपये को लूट कर फरार हो गये।

पुलिस की टीम ने आस-पास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना शुरू कर दिया। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी टीम को घटना में संलिप्त सरोरा उरला निवासी उपेन्द्र यादव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा उपेन्द्र यादव की पतासाजी कर पकड़ा गया।

घटना के संबंध में उपेन्द्र यादव से पूछताछ करने पर लगातार टीम को गुमराह कर रहा था, कड़ाई से पूछताछ करने पर उपेन्द्र यादव अपने झूठ के सामने टिक न सका और अंततः अपने साथी विक्की साहू, आबिद हुसैन एवं मुकीम खान के साथ मिलकर स्वयं को क्राईम ब्रांच से होना बताकर प्रार्थी के साथ लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जिस पर घटना में संलिप्त आरोपी विक्की साहू, आबिद हुसैन एवं मुकीम खान को भी पकड़ा गया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की नगदी रकम 20 हजार रूपये एवं 2 मोटर सायकल को जब्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी।

गिरफ्तार आरोपी

01. उपेन्द्र यादव पिता राम प्रसाद यादव उम्र 30 साल निवासी मण्डलपारा सरोरा थाना उरला रायपुर।

02. विक्की साहू पिता विजय साहू उम्र 19 साल निवासी नेहरू चैक सरोरा थाना उरला रायपुर।

03. आबिद हुसैन पिता जाकिर हुसैन उम्र 20 साल निवासी म्याउ थाना आल्हापुर जिला बदायूं उ.प्र. हाल पता – शांति नगर राजनांदगांव जिला राजनांदगांव।

04. मुकीम खान पिता मुजीम खान उम्र 30 साल निवासी म्याउ थाना आल्हापुर जिला बदायूं उ.प्र. हाल पता – शांति नगर राजनांदगांव जिला राजनांदगांव।

Post a Comment

0 Comments