बस्‍तर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम ने छोड़ी पार्टी

  

जगदलपुर। लोकसभा चुनाव के बीच बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम मौर्य ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। त्यागपत्र मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी स्वीकृत करने में बिल्कुल भी देरी नहीं की। बस्तर में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा थी। मौर्य भी सभा में शामिल हुए पूरे समय मंच पर उपस्थित रहे। शाम को सभा से जगदलपुर लौटने पर त्यागपत्र दे दिया।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को लिखे दो पेज के त्यागपत्र में उन्होंने पार्टी में रहते हुए बार-बार अपमानित किए जाने की बात कही है, लेकिन किसने अपमानित किया इसका नाम नहीं बताया है। बता दें कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय बलराम मौर्य छत्तीसगढ़ भवन कर्मकार कल्याण मंडल के सदस्य थे। 

बलराम मौर्य का नाम पिछले कई दिनों से पार्टी के असंतुष्ट नेताओं में लिया जा रहा था। उनके भाजपा में शामिल होने की भी चर्चाएं लगातार उठती रही लेकिन वह नहीं गए। अब जबकि उन्होंने त्यागपत्र दे दिया है उनका भाजपा में शामिल होना तय माना जा रहा है।

पिछले एक माह में बस्तर में आधा दर्जन से अधिक नेता कांग्रेस छोड़कर जा चुके हैं। शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला तिवारी, महापौर सफीरा साहू, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रहे यशवर्धन राव व पांच अन्य पार्षद व कुछ कार्यकर्ताओं के बाद अब ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष ने भी पार्टी छोड़ दी।


Post a Comment

0 Comments