आदिवासियों की सुरक्षा है प्राथमिकता : विष्णुदेव साय

 

रायपुर। बस्तर में लोकसभा के लिए पहले चरण के मतदान के दो दिन पहले कांकेर में नक्सलियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों की ऐतिहासिक सफलता करार दिया है। उनका कहना है कि हमारे जवानों ने अराजक तत्वों के कुचक्रों को कुचलकर रख दिया है। यह ऐतिहासिक सफलता है। देश नक्सल समस्या से मुक्ति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मुठभेड़ में शामिल सभी जवान और सुरक्षा अधिकारी बधाई के पात्र हैं। एक प्रश्न के जवाब में सीएम विष्णु देव साय ने उक्त प्रतिक्रिया दी । उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नक्सल मामलों के इतिहास की यह सबसे बड़ी सफलता है। यह बात सभी को पता है कि देश में सक्रिय माओवादी लोकतंत्र में आस्था नहीं रखते और हर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हिंसात्मक गतिविधियों से प्रभावित करते हैं। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश को हमारे जवानों ने विफल किया है। इसके लिए हमारे जवान बधाई के पात्र हैं।

साय ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आशय पूछे जाने पर कहा कि इसमें दो मुख्य बातें हैं। एक यह कि बस्तर में पड़ा हर वोट लोकतंत्र के बारे में नक्सलियों द्वारा गढ़े गए झूठे नैरेटिव व दुष्प्रचार को ध्वस्त करता है। हालत यह है कि माओवादी मतदान करने पर लगाई जाने वाली स्याही लगी अंगुलियों को काट देने का फरमान तक जारी करते हैं। इसके बावजूद हमारे आदिवासी भाई-बहन जम कर वोट करते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान हमारे विधायक भीमा मंडावी की हत्या कर दी गई थी। दिवंगत विधायक का परिवार फिर भी वोट डालने के लिए कतार में खड़ा था। यह समर्पण है लोकतंत्र के प्रति बस्तर के आदिवासियों का। हम सभी जानते हैं कि आज देश भर में भाजपा के पक्ष में सबसे अधिक संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी हम सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने के प्रति आश्वस्त हैं। ऐसे में नक्सली किसे नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, यह कहने की आवश्यकता नहीं है।

नक्सल मुक्ति के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जाने वाली कार्रवाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम नक्सलियों से सदैव अपील करते रहे हैं कि बंदूक छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाओ। हम सदैव बातचीत के लिए तैयार हैं पर बात होगी शांति, विकास व समाज के सरोकार की। हमारी सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई विकास योजनाएं चलाती हैं। हमने "नियद नेल्लानार" अर्थात "आपका अच्छा गांव" योजना प्रारंभ की है जिसमें हमारे 'विकास कैम्प' के आसपास के गांवों तक हम शासकीय सुविधाओं और योजनाओं को पहुंचा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments