भाजपा के हुए आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सीएम साय ने कराया प्रवेश

कांकेर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग की नामांकन रैली में शामिल होने कांकेर पहुंचे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री साय ने पार्टी का गमछा पहनाकर सभी का स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव हमारे देश के लिए सबसे बड़ा चुनाव है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी 10 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास को मूल मंत्र मानकर देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबके लिए काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस व उसकी पिछली भूपेश सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी लेकिन कांग्रेस ने उस जनादेश का सम्मान नहीं किया और पिछले 5 वर्षों में छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और लूट मचाई। भ्रष्टाचार करने वाले कांग्रेस के सभी नेता आज जेल में है और कई नेता बेल पर हैं। प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ छल करते हुए उन्हें महादेव एप जैसे सट्टे में फँसाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। भाजपा की प्रदेश सरकार जिस प्रकार से तेजी से कार्य कर रही है उससे कांग्रेस पार्टी का आगामी लोकसभा चुनाव में सूपड़ा साफ होने वाला है।

कांकेर में आयोजित भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग के नामांकन रैली में सीएम साय ने हुपेंडी को पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में प्रवेश किया। इस दौरान कांकेर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी को नाग को प्रचंड मतों से जीत दिलाने का संकल्प भी लिया।

आपको बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कोमल हूपेंडी आप की टिकट पर भानुप्रतापपुर से चुनाव लड़े थे और 15 हजार 255 वोट हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने आप से इस्तीफा दे दिया था। इसके पूर्व विधानसभा चुनाव 2018 में भी उन्होंने चुनाव लड़ा था। उस समय उनकी और आप के कई प्रत्याशियों की हार हुई थी। सबकी जमानत तक जब्त हो गई थी।

इस दौरान मंच में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, मंत्री राम विचार नेताम, क्लस्टर प्रभारी अजय चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, सांसद मोहन मांडवी, विधायक धरमलाल कौशिक, नीलकंठ टेकाम, विक्रम उसेंडी, आशाराम नेताम, जिला अध्यक्ष सतीश लाठिया, दीपेश अरोड़ा, पिंकी शिवराज शाह, भारत मटियारा, अभिषेक सिंह, यशवंत जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं आमजन कांकेर के नामांकन रैली सभा में उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments