रायपुर। रविवार देर रात मिनी ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं। ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी के कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
मृतकों में 10 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। इनमें एक ही परिवार की 3 महिलाओं का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जबकि एक बच्चे को दफनाया गया है। इनमें गीता साहू, प्रभा साहू और नंदनी साहू का अंंतिम संस्कार किया गया। एकलव्य साहू (6) को दफनाया गया है।
ट्रेलर झारखंड पासिंग है। टोल नाके से बचने के चक्कर में ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा और हादसा हो गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि कई महिलाओं और बच्चों के शरीर के टुकड़े हो गए। मिनी ट्रक में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे।
इस दौरान ट्रेलर के साइड से करीब 3 फीट बाहर निकले लोहे (हैवी मशीन का हिस्सा) से टक्कर हो गई। बच्चों सहित 14 घायलों का इलाज मेकाहारा में जारी है, सभी खतरे से बाहर हैं।
छठी से लौट रहा था साहू परिवार
रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक, चटोद गांव निवासी पुनीत राम साहू का परिवार और रिश्तेदार बाना गांव में छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। यह सभी मिनी ट्रक में सवार थे। इस दौरान बंगोनी गांव के पास पहुंचे थे।
तभी सामने से आ रहे ट्रेलर के ऊपर लोड मशीनरी पार्ट के साइड से निकले लोहे से गाड़ी टकरा गईं। हादसे के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे आ रही दूसरी ट्रक में जा भिड़ी।
शरीर के दो टुकड़े हुए, लाशें सड़क पर बिखरी
कुछ ही सेकंड में मिनी ट्रक एक के बाद एक दो गाड़ियों से टकरा गई। भीषण एक्सीडेंट के बाद उसमें सवार महिलाएं और बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए। इनमें से कई हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए। जिससे उनका सिर फट गया और मौत हो गई। कुछ बच्चे और महिलाएं ट्रक के लोहे की बॉडी में टकरा गए।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मिनी ट्रक सबसे पहले ट्रेलर के साइड से निकले लोहे के पार्ट से टकराई है। जो ट्रक की बॉडी से करीब 3-3 फीट दोनों तरफ बाहर निकला हुआ था। अंधेरे की वजह से वह दिखा नहीं।
ट्रेलर का ड्राइवर अमित कुमार बर्मन है जो पश्चिम सिंहभूम जिला झारखंड का रहने वाला है। ट्रेलर का मालिक भी वही है। एक्सीडेंट के बाद वह मौके से फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।
मृतक परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि का ऐलान
हादसे पर सीएम साय ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर लिखा है कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी X पर पोस्ट कर लिखा है कि सड़क हादसे में 13 लोगों के मौत की खबर है। मैं परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घटना की जांच होगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी"
वहीं भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर लिखा है कि "कल और आज को मिलाकर सड़क दुर्घटनाओं में 23 लोगों की मृत्यु हुई है। मैं उनके प्रति शोक व्यक्त करता हूं...सरकार इसको गंभीरता से ले और आगे ऐसी दुर्घटनाएं ना हों। कांग्रेस ने मृतकों को 50 लाख और घायलों को 10 लाख मुआवजा देने की मांग की है।
0 Comments