रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस सात जुलाई को रायपुर में किसान, जवान और संविधान सभा का आयोजन करेगी। आमजनता के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने यह रणनीति तैयार की है। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली इस आमसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सरकार को घेरते नजर आएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। पायलट ने कहा कि डेढ़ साल में 17 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी गईं हैं। 37 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज सरकार ने लिया है। कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। खाद-बीज का अभूतपूर्व संकट है। डीएपी के बाद अब किसान एनपीके के लिए भी भटक रहे हैं। गली मोहल्लों में सरकार शराब बिकवा रही है। रेत माफिया हावी हैं, रेत के नाम पर अपराध काफी बढ़ गए हैं। युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10 हजार से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
0 Comments