झारखंड के पांच मंत्री रायपुर से रांची के लिए रवाना, कल होनी है कैबिनेट की बैठक



 रायपुर। झारखंड के पांच मंत्री रायपुर से रांची के लिए रवाना हो गए हैं। उन लोगों को रात तक रांची पहुंचना है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राज्य कैबिनेट की बैठक बुलाई है। इसमें शामिल होने के लिए मंत्री रांची लौट गए हैं। बैठक के बाद ये लोग वापस रायपुर लौट आएंगे।

झारखंड के मौजूदा राजनीतिक संकट में विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग से बचाने के लिए महागठबंधन ने 32 विधायकों को रायपुर भेजा है। रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्‌डे से एक विशेष विमान से विधायकों के साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित 41 लोग रायपुर लाए गए। यहां कांग्रेस नेताओं ने उन्हें रिसॉर्ट के ठहराया है। रिसॉर्ट के भीतर और बाहर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। किसी को भी झारखंड के विधायकों से मुलाकात की इजाजत नहीं है। इस बीच खबर मिली कि मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों को रांची बुलाया है।

शाम को रिसॉर्ट से कार के जरिए मंत्रियों को रायपुर हवाई अड्‌डे ले जाया गया। इनमें डॉ. रामेश्वर उरांव, आलमगिर आलम, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख और सत्यानंद भोक्ता शामिल हैं। हवाई अड्‌डे पर प्रेस से बात करते हुए झारखंड के मंत्री आलमगिर आलम ने कहा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में BJP ने क्या किया है यह सब जानते हैं।

Post a Comment

0 Comments